एंटरटेनमेंट
‘वो मेरे शरीर में घुस रही…’, पायल तो कभी सुनाई दी रोने की आवाजें; सुधा चंद्रन का पैरानॉर्मल एक्टिविटीज से हुआ सामना
एक्ट्रेस सुधा चंद्रन टीवी से लेकर बॉलीवुड तक अपने दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मेहनत और टैलेंट के बल पर इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। खास तौर पर एकता कपूर के लोकप्रिय टीवी शो ‘कहीं किसी रोज’ में निभाया गया रमोला सिकंद का निगेटिव किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा और यही भूमिका उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। अब हाल ही में सुधा चंद्रन ने एक इंटरव्यू में पैरानॉर्मल एक्टिविटी से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसे सुनकर कोई भी चौंक सकता है।
सुधा चंद्रन के साथ हुई पैरानॉर्मल एक्टिविटी
सुधा ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में इस विषय पर खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी किसी तरह की पैरानॉर्मल घटना का सामना किया है, तो उन्होंने बिना झिझक हामी भर दी। एक्ट्रेस ने कहा, “बहुत बार। मैं ऐसी चीज़ों को बहुत जल्दी महसूस कर लेती हूं। ये सेट पर नहीं बल्कि लोकेशन पर हुआ था। मैं गुजरात में शूटिंग कर रही थी और यह सब मेरी आंखों के सामने हुआ।”
‘अजीब सी एनर्जी मेरी छाती पर बैठ गई’- सुधा
अपने डरावने अनुभव को साझा करते हुए सुधा ने बताया कि शूटिंग के बाद वह होटल के कमरे में लौटी थीं। “खाना खाने के बाद मैं बेड पर लेटी हुई थी। उसी बेड पर मेरी अम्मा भी मेरे साथ थीं। अचानक मेरी नींद खुली और मैंने देखा कि कमरे की अलमारी खुली हुई है। तभी एक अजीब सी एनर्जी आकर मेरी छाती पर बैठ गई। मुझे बहुत भारीपन महसूस होने लगा। न मैं बोल पा रही थी, न हाथ हिला पा रही थी, जबकि मेरी मां ठीक बगल में मौजूद थीं। ऐसा लग रहा था जैसे वो एनर्जी मेरे शरीर में घुस रही हो।”
सुधा चंद्रन के साथ हुईं कई भूतिया घटनाएं
सुधा ने आगे बताया कि उस वक्त उन्होंने अपने आराध्य भगवान कार्तिकेय का नाम लिया। “जैसे ही मैंने भगवान का नाम लिया, किसी तरह अपनी मां को हाथ मारा। उसी पल वो एनर्जी मुझसे हटकर चली गई। इसके बाद मेरी मां ने मेरे माथे पर भभूती लगाई और मुझे तुरंत हल्का महसूस हुआ।” इतना ही नहीं, सुधा चंद्रन ने एक और अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया, “एक बार साउथ में शूटिंग के दौरान मुझे रात के समय पायल की आवाजें सुनाई देती थीं। कई बार एक औरत के लगातार रोने की आवाज भी आती थी। तभी से मैं हमेशा अपने पास हनुमान चालीसा रखती हूं।” सुधा चंद्रन का यह अनुभव सुनकर फैंस हैरान हैं और सोशल मीडिया पर इस इंटरव्यू को लेकर खूब चर्चा हो रही है।