एंटरटेनमेंट
‘किसी ने हिम्मत नहीं की…’, सुनील शेट्टी ने ठुकराया 40 करोड़ का ऑफर; बताया तंबाकू विज्ञापन को क्यों बनाई दूरी?
तंबाकू और शराब के विज्ञापनों को लेकर बॉलीवुड सितारों पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। इन विज्ञापनों से भारी कमाई होती है, लेकिन इसके साथ ट्रोलिंग और नैतिक बहस भी जुड़ी रहती है। इसी बीच अभिनेता सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ रुपये के तंबाकू विज्ञापन को ठुकराकर एक मिसाल पेश की है। अब उन्होंने इस फैसले के पीछे की वजह खुलकर बताई है।
“मेरी सेहत ही मेरी पहचान है”-सुनील शेट्टी
मीडिया से बातचीत में सुनील शेट्टी ने कहा कि भारी रकम मिलने के बावजूद उन्होंने तंबाकू ब्रांड का विज्ञापन करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं जो भी हूं, अपनी सेहत की वजह से हूं। मेरा शरीर ही था जिसने मुझे फिल्मों में पहचान दिलाई। अगर मैं इसे पूजा की तरह नहीं मानूंगा, तो यह खुद के साथ नाइंसाफी होगी।” उन्होंने आगे कहा कि वह अपने बच्चों के लिए कैसी विरासत छोड़कर जाना चाहते हैं, यह उनके लिए बेहद अहम है। “हो सकता है आज मैं सिनेमा में उतना जरूरी न रह गया हूं, लेकिन 17 से 20 साल के युवा आज भी मुझे प्यार और इज्जत देते हैं। मैं उस भरोसे को तोड़ना नहीं चाहता।”
40 करोड़ का ऑफर ठुकराकर क्या बोले एक्टर?
सुनील शेट्टी ने खुलासा किया कि उन्हें तंबाकू विज्ञापन के लिए 40 करोड़ रुपये का ऑफर मिला था। “मैंने उनसे कहा- क्या आपको सच में लगता है कि मैं यह करूंगा? नहीं, मैं नहीं करूंगा। हो सकता है कि मुझे पैसों की जरूरत हो, लेकिन मैं वह चीज नहीं कर सकता जिसमें मेरा विश्वास न हो।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह ऐसा विज्ञापन करते, तो इसका असर उनके बच्चों- अहान, अथिया और राहुल-पर भी पड़ता।
“अगर मैं यह करता, तो मेरे बच्चों पर भी दाग लगता। इसके बाद किसी ने मुझे ऐसा ऑफर देने की हिम्मत ही नहीं की।”
आने वाली फिल्में
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील शेट्टी जल्द ही फिल्म Welcome to the Jungle में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ परेश रावल, अक्षय कुमार, संजय दत्त, अरशद वारसी, लारा दत्ता, रवीना टंडन और दिशा पाटनी जैसे कलाकार शामिल हैं। यह फिल्म पहले दिसंबर में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे इस साल रिलीज किया जाएगा।