स्पोर्ट्स
T20 World Cup 2026: स्कॉटलैंड ने इंग्लैंड को पछाड़ा, प्वाइंट्स टेबल में दिखा गजब बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप के 7वें मुकाबले के बाद ग्रुप C की अंक तालिका में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कोलकाता में खेले गए इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रनों से करारी शिकस्त दी और इसी के साथ टूर्नामेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ गंवाने के बाद स्कॉटलैंड ने शानदार वापसी की है। इटली पर मिली इस जीत के साथ स्कॉटलैंड ने न सिर्फ अपने खाते में दो अहम अंक जोड़े, बल्कि इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में दूसरा स्थान भी हासिल कर लिया है।
ग्रुप C की मौजूदा स्थिति
अंक तालिका पर नजर डालें तो वेस्टइंडीज एक मैच में जीत के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है और उसका नेट रनरेट +1.750 है। वहीं स्कॉटलैंड ने दो मैचों में एक जीत के साथ 2 अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रनरेट +0.950 हो गया है। इंग्लैंड ने भी एक मैच जीता है, लेकिन कमजोर नेट रनरेट के चलते वह स्कॉटलैंड से नीचे खिसक गई है। अब अगर इंग्लैंड अपने अगले मुकाबले में फिसलता है, तो स्कॉटलैंड के लिए अगले दौर का रास्ता और आसान हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि स्कॉटलैंड का अगला मैच सीधे इंग्लैंड से है। जिस तरह नेपाल ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी, उसे देखते हुए स्कॉटलैंड की जीत की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर स्कॉटलैंड यह मुकाबला जीत लेता है, तो नेपाल के खिलाफ उसके पास क्वालिफिकेशन पक्का करने का एक और मौका होगा।
स्कॉटलैंड की विस्फोटक बल्लेबाज़ी
इटली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 207 रन ठोक दिए।
जॉर्ज मंसे ने 54 गेंदों पर शानदार 84 रन बनाए
माइकल जोंस ने 37 रन जोड़े
ब्रैंडन मैकमुलेन ने सिर्फ 18 गेंदों में नाबाद 41 रन ठोक दिए
वहीं माइकल लीस्क ने आखिरी ओवरों में महज 5 गेंदों पर 22 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया
इटली की पारी बिखरी
207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम दबाव में बिखर गई और 16.4 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई।
बेन मैनेटी ने 31 गेंदों पर 52 रन बनाए
हैरी मैनेटी ने 37 रनों का योगदान दिया
लेकिन ये प्रयास टीम को हार से नहीं बचा सके।
गेंदबाज़ी में लीस्क का जलवा
स्कॉटलैंड की जीत के हीरो माइकल लीस्क रहे, जिन्होंने गेंद से कमाल करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। स्कॉटलैंड की इस जीत ने ग्रुप C को बेहद रोमांचक बना दिया है और अब सभी की नजरें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले उसके अगले मुकाबले पर टिकी होंगी।