स्पोर्ट्स

T20 World Cup: Abhishek Sharma का खराब फॉर्म बना चिंता, सहवाग ने टीम इंडिया को दी खास सलाह

Published

on

टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में शानदार खेल दिखाते हुए सभी चार मुकाबले जीतकर सुपर 8 में जगह बनाई। हालांकि, सुपर 8 के पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है।

Virender Sehwag की बड़ी सलाह

पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले टीम को अहम सुझाव दिया है। क्रिकबज से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर वे टीम मैनेजमेंट में होते तो अभिषेक शर्मा को इस मैच में आराम देते और उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देते।सहवाग ने कहा, “जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला प्रयोग करने का आखिरी मौका है। अगर यह मैच हार गए तो आखिरी मैच में किसी को भी आजमा सकते हैं। इसलिए इस मैच में फॉर्म में चल रहे 11 खिलाड़ियों को उतारना चाहिए।”

अभिषेक का खराब फॉर्म, संजू का इंतजार

अभिषेक शर्मा ने अब तक इस टूर्नामेंट में चार मैच खेले हैं। इनमें से तीन बार वह बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि एक मैच में उन्होंने 15 रन बनाए। वहीं, संजू सैमसन को सिर्फ एक मुकाबले में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 8 गेंदों पर 22 रनों की तेज पारी खेली थी। ऐसे में टीम चयन को लेकर बहस तेज हो गई है।

बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की सलाह

सहवाग ने बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव का सुझाव दिया। उनके मुताबिक, सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 पर और तिलक वर्मा को नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखते हुए बल्लेबाजों को उतारना जरूरी है। साथ ही टीम को खुलकर खेलना होगा। फिलहाल ऐसा लग रहा है कि टीम दबाव में है और बल्लेबाज आउट होने के डर से स्वाभाविक खेल नहीं दिखा पा रहे हैं। अब देखना होगा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में टीम मैनेजमेंट किस संयोजन के साथ मैदान पर उतरता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version