एंटरटेनमेंट
The 50: एल्विश यादव को ‘गंवार’ कहना मैक्सटर्न को पड़ा महंगा, शो में ही खानी पड़ी मार
टीवी पर इन दिनों रियलिटी शो ‘द 50’ दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहा है। शो में भले ही एल्विश यादव कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है। लगभग हर एपिसोड में किसी न किसी कंटेस्टेंट द्वारा एल्विश का ज़िक्र किया जा रहा है, जिससे साफ है कि शो में उनकी मौजूदगी का असर अब भी देखने को मिल रहा है।
‘द 50’ में एल्विश यादव को लेकर मचा बवाल
पहले प्रिंस नरूला ने एल्विश यादव को लेकर कई बयान दिए थे और अब शो के कंटेस्टेंट मैक्सटर्न उर्फ सागर ठाकुर ने एल्विश के खिलाफ तीखी टिप्पणी कर दी, जिसके बाद शो में बड़ा हंगामा देखने को मिला। हालात इतने बिगड़ गए कि मैक्सटर्न को एक अन्य कंटेस्टेंट ने शो के दौरान ही पीट दिया।
मैक्सटर्न ने की एल्विश पर आपत्तिजनक टिप्पणी
शो के लेटेस्ट टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स को फैंस के लिए पैसे इकट्ठा करने की चुनौती दी गई थी। इसी टास्क के दौरान मैक्सटर्न ने एल्विश यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि उनमें अकेले किसी से भिड़ने की औकात नहीं है और उन्होंने एल्विश के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। मैक्सटर्न की ये बातें शो में मौजूद अर्चित कौशिक को बिल्कुल पसंद नहीं आईं। गुस्से में आकर अर्चित ने मैक्सटर्न को धक्का दे दिया, जिससे वह ज़मीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई और झड़प देखने को मिली।
प्रिंस नरूला ने भी एल्विश पर साधा निशाना
गौरतलब है कि इससे पहले भी शो में प्रिंस नरूला एल्विश यादव पर निशाना साध चुके हैं। प्रिंस ने कहा था कि एल्विश खुद को गूंडा समझते हैं, लेकिन असल में वह कुछ नहीं कर सकते। इस दौरान मैक्सटर्न ने भी प्रिंस की बातों का समर्थन करते हुए एल्विश के खिलाफ कई बातें साझा की थीं।
लायन ने कंटेस्टेंट्स को दी चेतावनी
शो में लगातार एल्विश यादव को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच, शो के होस्ट लायन ने कंटेस्टेंट्स को साफ चेतावनी दी है कि उनके महल में किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब यह एपिसोड टेलीकास्ट होगा, तो मेकर्स इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाते हैं।