एंटरटेनमेंट
The 50: ‘मैं इसको पीटूंगी…’, सपना चौधरी ने सबके सामने दे डाली दिव्या अग्रवाल को मारने की धमकी
रियलिटी शो ‘द 50’ इन दिनों जबरदस्त चर्चा में बना हुआ है। इस शो में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 50 कंटेस्टेंट्स हिस्सा ले रहे हैं। फॉर्मेट भले ही ‘बिग बॉस’ से मिलता-जुलता हो, लेकिन यहां ड्रामा और टकराव का लेवल कहीं ज्यादा देखने को मिल रहा है। दर्शकों का कहना है कि इस शो में एंटरटेनमेंट से ज्यादा लड़ाई-झगड़े और टकराव देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में शो में डांसर सपना चौधरी और एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल के बीच हुआ तीखा विवाद सुर्खियों में है।
सपना चौधरी और दिव्या अग्रवाल में हुआ झगड़ा
जियो हॉटस्टार ने हाल ही में शो से जुड़ा एक नया प्रोमो रिलीज किया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। प्रोमो के कैप्शन में लिखा गया है, “जब दो स्ट्रॉन्ग पर्सनैलिटी टकराएंगी, तो कलेश होना तय है।” इस प्रोमो में सपना चौधरी और दिव्या अग्रवाल के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिलती है।
दिव्या को मारने की दी धमकी
वीडियो की शुरुआत में सपना किसी दूसरे कंटेस्टेंट से कहती नजर आती हैं, “कब तक रोक लोगे, मैं इसे (दिव्या) को मारूंगी।” इसके जवाब में दिव्या भी पलटकर कहती हैं, “अगर मुझे थप्पड़ मारेगी, तो मेरा एमएमए का मुक्का पड़ेगा।” इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक और कहासुनी देखने को मिलती है। प्रोमो से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले एपिसोड्स में शो का माहौल और भी ज्यादा गर्म होने वाला है।
पहले भी हुए सपना चौधरी के झगड़े
यह पहला मौका नहीं है जब सपना चौधरी किसी विवाद में नजर आई हों। कुछ समय पहले शो में उनका इंफ्लुएंसर अदनान शेख के साथ भी जोरदार झगड़ा हुआ था। उस दौरान अदनान द्वारा की गई बदजुबानी पर सपना भड़क गई थीं और मामला काफी बढ़ गया था। ‘द 50’ एक अनोखे कॉन्सेप्ट वाला रियलिटी शो है, जिसमें फिल्म और टीवी इंडस्ट्री, सोशल मीडिया, स्पोर्ट्स और अन्य क्षेत्रों से आए कंटेस्टेंट्स शामिल हैं। इस शो में युविका चौधरी, प्रिंस नरुला, रजत दलाल और करण पटेल जैसे चर्चित चेहरे भी नजर आ रहे हैं। यह शो जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा रहा है और कलर्स चैनल पर भी टेलीकास्ट होता है। लगातार बढ़ते विवादों और हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते ‘द 50’ दर्शकों के बीच तेजी से चर्चा का विषय बनता जा रहा है।