एंटरटेनमेंट

The Kerala Story 2 Teaser: पहले चैप्टर से ज्यादा बेचैन करेगी कहानी, लव जिहाद की डरावनी हकीकत आई सामने

Published

on

The Kerala Story 2 Teaser Release: ‘द केरल स्टोरी 2’ विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस से आने वाली अगली बड़ी फिल्म है। विपुल शाह की फिल्मोग्राफी में ‘आंखें’, ‘नमस्ते लंदन’, ‘सिंह इज किंग’, ‘फोर्स’, ‘कमांडो: ए वन मैन आर्मी’ और ‘हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी’ जैसी कई चर्चित फिल्में शामिल हैं। भारतीय सिनेमा में अपनी बेबाक और प्रभावशाली कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले विपुल शाह ने ‘द केरल स्टोरी’ के जरिए एक बार फिर खुद को एक निडर फिल्ममेकर साबित किया था, और यही तेवर उनके नए प्रोजेक्ट में भी नजर आ रहा है।

‘द केरल स्टोरी 2′ का टीजर जारी

‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का टीजर पहले चैप्टर से कहीं ज्यादा तीखा, गंभीर और बेचैन करने वाला है। नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक कमाख्या नारायण सिंह की इस फिल्म में तीन हिंदू लड़कियों की दर्दनाक कहानी दिखाई गई है, जिनके किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाए हैं। कहानी में दिखाया गया है कि तीन मुस्लिम लड़कों से प्यार करने के बाद उनकी जिंदगी कैसे एक खौफनाक मोड़ लेती है, जहां धीरे-धीरे एक सुनियोजित धार्मिक धर्मांतरण के एजेंडे का खुलासा होता है।

हर फ्रेम में दिखेगा डर, गुस्सा और सच्चाई

टीजर में साफ झलकता है कि कैसे भरोसे, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव से शुरू हुई कहानी जल्द ही छल, नियंत्रण और फंसाए जाने की डरावनी हकीकत में बदल जाती है। हर फ्रेम डर, गुस्से और सच्चाई से भरा हुआ नजर आता है। फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि किस तरह प्यार को हथियार बनाया जाता है, पहचान छीनी जाती है और आस्था को संघर्ष का मैदान बना दिया जाता है।

क्या होगी ‘द केरल स्टोरी 2′ की कहानी?

हालांकि इस बार कहानी सिर्फ पीड़ा और शोषण तक सीमित नहीं रहती। ‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर इस बात पर फोकस करता है कि ये लड़कियां अब सिर्फ हालात की शिकार नहीं बनेंगी, बल्कि उनका जवाब भी देंगी। धोखे को चुपचाप सहने के बजाय वे खड़ी होती हैं, आवाज उठाती हैं और पूरी ताकत से लड़ती हैं। टीजर के साथ गूंजता डायलॉग—“अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे!”—फिल्म की आत्मा और उसके जज्बे को साफ तौर पर बयां करता है।

कब रिलीज होगी ‘द केरल स्टोरी 2′?

पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ ने अपनी बेबाक कहानी से देशभर के दर्शकों को झकझोर दिया था। अब इसका सीक्वल उससे भी आगे जाने का दावा करता है—कम्फर्ट से परे, खामोशी से परे और इनकार से परे। कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशीष ए शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले इसे को-प्रोड्यूस किया है। फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

गौरतलब है कि ‘द केरल स्टोरी’ की कहानी केरल की तीन युवा हिंदू लड़कियों—शालिनी उन्नीकृष्णन, नीमा और गीतांजलि—के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिन्हें प्यार के जाल में फंसाकर धर्मांतरण कराया जाता है और बाद में ISIS में शामिल होने के लिए मजबूर कर अफगानिस्तान ले जाया जाता है। फिल्म में अदा शर्मा ने लीड रोल निभाया था और उनके किरदार फातिमा (शालिनी) के जरिए पूरी कहानी बयान की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version