एंटरटेनमेंट
‘बता नहीं सकता कैसा फील हो रहा…’, अनुराग डोभाल का इमोशनल वीडियो वायरल; UK07 Rider ने फैंस के नाम की जिंदगी
यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ के एक्स कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल 7 मार्च को एक गंभीर कार हादसे का शिकार हो गए। कार चलाते समय उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हादसा इतना खतरनाक था कि उनकी जान पर बन आई, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उनकी जान बच गई। हादसे के बाद अनुराग को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी हालत को संभाला। इस मुश्किल दौर में उनकी पत्नी रितिका लगातार उनके साथ खड़ी रहीं, जबकि शादी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
फैंस के लिए भावुक संदेश
अब अनुराग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। अस्पताल से जारी अपने बयान में अनुराग ने कहा कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि आत्महत्या की कोशिश के बाद उन्हें इतना प्यार मिलेगा। उन्होंने अपने फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने एक वीडियो कॉल की झलक भी दिखाई है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति उन्हें हिम्मत देते हुए कहते हैं कि वे अकेले नहीं हैं। इसके अलावा एक महिला भी अनुराग को वीडियो कॉल पर देखकर इमोशनल होती हुई नजर आ रही हैं।
‘ये जिंदगी तुम लोगों के नाम’
अनुराग ने अपने फैंस के लिए एक इमोशनल नोट भी लिखा, ‘मैं किसी को नहीं जानता, ना कभी मिला… लेकिन फिर भी सब परिवार की तरह मेरे साथ हैं। बता नहीं सकता कैसा महसूस हो रहा है। शुक्रिया जो लोग भी हेल्प कर रहे हैं मुझे इस डिप्रेशन और हालत से निकालने के लिए। आप लोगों की हर कॉल और टेक्स्ट मुझे इस मेंटली हेल्प कर रहा है। वक्त लगेगा, लेकिन हो जाएगा। ये जिंदगी तुम लोगों के नाम।’
मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद
अनुराग, जिन्हें इंस्टाग्राम पर UK07 राइडर के नाम से जाना जाता है, पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। उन्होंने अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि उनकी शादी से परिवार खुश नहीं था, जिसके चलते लगातार तनाव बना हुआ था। वहीं, हादसे के बाद अनुराग के मैनेजर लगातार इंस्टाग्राम के जरिए फैंस को उनकी हेल्थ अपडेट दे रहे हैं।