एंटरटेनमेंट
Vadh 2 Trailer Out: नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की फिल्म का सस्पेंस भरा ट्रेलर रिलीज, वायलेंट है कहानी
अभिनेता संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की मोस्ट अवेटेड थ्रिलर फिल्म Vadh 2 का ट्रेलर 27 जनवरी 2026 को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। जसपाल सिंह संधू के निर्देशन में बनी यह फिल्म थ्रिल, दर्द और इमोशनल टकराव से भरी नजर आती है। ट्रेलर में कहानी का माहौल बेहद गंभीर और रहस्यमय दिखाया गया है। हालांकि सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है- आखिर कातिल कौन है? यही अनसुलझा सस्पेंस दर्शकों को फिल्म की ओर खींच रहा है।
दमदार परफॉर्मेंस और गहरी कहानी
ट्रेलर में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की जबरदस्त अदाकारी साफ नजर आती है। दोनों कलाकार अपने-अपने किरदारों में पूरी तरह रमे हुए दिखाई देते हैं। फिल्म का निर्माण लव फिल्म्स के बैनर तले लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। फिल्म में कुमुद मिश्रा, शिल्पा शुक्ला के साथ-साथ नए चेहरे अमित के सिंह, अक्षय डोगरा और योगिता बिहानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में सबसे बड़ा सवाल यही उभरकर सामने आता है कि नीना गुप्ता के किरदार को जेल से बाहर निकालने के लिए संजय मिश्रा कौन-सा रास्ता अपनाते हैं और इसकी कीमत उन्हें क्या चुकानी पड़ेगी।
सोचने पर मजबूर करने वाली है कहानी
डायरेक्टर जसपाल सिंह संधू के मुताबिक, वध 2 सिर्फ एक थ्रिलर फिल्म नहीं है, बल्कि यह मजबूत किरदारों और गहरी सोच वाली कहानी को पेश करती है। यह फिल्म साल 2022 में आई Vadh की भावना को आगे बढ़ाती है, लेकिन एक नई कहानी, नए ट्विस्ट और ज्यादा इमोशनल लेयर्स के साथ। रिलीज डेट की बात करें तो वध 2 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।