एंटरटेनमेंट
परिवार के खिलाफ शादी, अब खतरे में मोनालिसा की जान? वीडियो जारी कर की सुरक्षा की मांग
महाकुंभ के दौरान वायरल हुईं मोनालिसा इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने परिवार के खिलाफ जाकर अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल में शादी कर ली। इस शादी के बाद सोशल मीडिया पर “लव जिहाद” को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कई लोग इस रिश्ते पर सवाल उठा रहे हैं, हालांकि मोनालिसा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
वीडियो जारी कर मांगी मदद
मोनालिसा के फेसबुक पेज पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वह अपने पति फरमान खान के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों पुलिस, मीडिया और मुख्यमंत्री से मदद की अपील करते दिख रहे हैं। कपल का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और वे सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।
केरल सरकार को कहा धन्यवाद
इससे पहले कपल ने केरल सरकार का धन्यवाद भी किया था। उनका कहना था कि सरकार ने उन्हें समर्थन दिया और सुरक्षा भी उपलब्ध कराई। मोनालिसा ने बताया कि उनका परिवार इस शादी से खुश नहीं है और लगातार धमकियां मिल रही हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षा की जरूरत है।
मंदिर में हुई थी शादी
मोनालिसा और फरमान खान ने 11 मार्च को केरल के अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में शादी की थी। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
‘लव जिहाद’ पर विवाद
मोनालिसा को अपनी फिल्म में कास्ट करने वाले सनोज मिश्रा ने इस शादी को “लव जिहाद” का नाम दिया था, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
हालांकि, मोनालिसा और फरमान दोनों ने साफ किया है कि यह “लव जिहाद” का मामला नहीं है। मोनालिसा ने कहा कि वह हिंदू ही रहेंगी और धर्म परिवर्तन नहीं कर रही हैं।