हेल्थ
बार-बार हाथ कांपना किस बीमारी या कमी का है इशारा? न करें इसे नजरअंदाज
बार-बार हाथों में कंपकंपी महसूस होना शरीर में Vitamin B12, B6 और B1 की कमी का संकेत हो सकता है। जानिए इसके लक्षण, कारण और किन चीजों से पूरी होगी यह कमी।
अगर आपके हाथ अक्सर कांपते हैं या अचानक कोई चीज पकड़ते समय कंपकंपी महसूस होती है, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। हाथों का कांपना कई बार शरीर में पोषक तत्वों की कमी का संकेत हो सकता है। खासतौर पर कुछ जरूरी विटामिन की कमी नर्व्स पर असर डालती है, जिससे हाथों में कंपन महसूस होने लगता है।
विटामिन B12 की कमी से कांप सकते हैं हाथ
विशेषज्ञों के अनुसार, Vitamin B12 की कमी हाथों में कंपकंपी की बड़ी वजह बन सकती है। यह विटामिन शरीर में नर्व सेल्स और DNA बनाने में अहम भूमिका निभाता है। जब शरीर में विटामिन B12 की कमी होने लगती है, तो पेरिफेरल न्यूरोपैथी का खतरा बढ़ जाता है। इससे हाथों और पैरों की नसों पर असर पड़ता है और कंपकंपी जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
क्यों होती है विटामिन B12 की कमी?
विटामिन B12 की कमी के पीछे कई कारण हो सकते हैं। खराब खानपान इसकी सबसे बड़ी वजह मानी जाती है। खासकर शाकाहारी लोगों में यह कमी ज्यादा देखने को मिलती है क्योंकि यह विटामिन मुख्य रूप से एनिमल बेस्ड फूड में पाया जाता है। इसके अलावा शरीर द्वारा विटामिन B12 को सही तरीके से अवशोषित न कर पाना, लंबे समय तक कुछ दवाओं का सेवन और कमजोर पाचन तंत्र भी इस कमी का कारण बन सकते हैं।
शरीर में दिख सकते हैं ये लक्षण
Vitamin B12 की कमी होने पर शरीर में कई तरह के संकेत नजर आ सकते हैं, जैसे:
- हाथ-पैरों में झनझनाहट
- सुन्नपन महसूस होना
- बैलेंस बिगड़ना
- नसों से जुड़ी समस्याएं
- हाथों में कंपकंपी या कंपन
अगर ये लक्षण लगातार दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो सकता है।
किन चीजों से पूरी होगी कमी?
विटामिन B12 की कमी पूरी करने के लिए खानपान में ऐसे फूड्स शामिल किए जा सकते हैं जिनमें यह विटामिन भरपूर मात्रा में मौजूद हो। दूध,दही, चीज, अंडे, मीट और अन्य एनिमल बेस्ड प्रोडक्ट्स इसके अच्छे स्रोत हैं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर सप्लीमेंट्स लेने की सलाह भी दे सकते हैं।
विटामिन B6 और B1 की कमी भी बन सकती है वजह
सिर्फ विटामिन B12 ही नहीं, बल्कि Vitamin B6 और Vitamin B1 की कमी भी हाथों की कंपकंपी का कारण बन सकती है। इन विटामिन्स की कमी से शरीर की नसों और न्यूरोलॉजिकल सिस्टम पर असर पड़ता है, जिससे हाथ कांपने जैसी दिक्कतें सामने आ सकती हैं।