एंटरटेनमेंट

Mardaani 3 के प्रमोशन के लिए फैलाई गई दिल्ली से 800 लोग गायब होने की अफवाह? YRF ने तोड़ी चुप्पी

Published

on

रानी मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म एक बार फिर समाज के एक गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को उठाती है, जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह संगठित गिरोहों द्वारा कम उम्र की लड़कियों का अपहरण किया जाता है। रिलीज के साथ ही फिल्म चर्चा में आ गई, लेकिन इस बार वजह सिर्फ इसकी कहानी नहीं बल्कि इससे जुड़ा एक विवाद भी है।

आरोपों पर यशराज फिल्म्स ने दी सफाई

दरअसल, फिल्म की रिलीज के दौरान सोशल मीडिया पर एक न्यूज रिपोर्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि दिल्ली में 800 लोग मिसिंग हैं। इस रिपोर्ट के वायरल होते ही कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि इस तरह की खबरें फिल्म ‘मर्दानी 3’ के प्रमोशन के लिए जानबूझकर फैलाई जा रही हैं। देखते ही देखते यह मामला तूल पकड़ गया। इन आरोपों पर अब यशराज फिल्म्स ने अपनी ओर से आधिकारिक सफाई दी है।

क्या है यशराज फिल्म्स पर लगे आरोपों का सच?

यशराज फिल्म्स के स्पोकपर्सन ने बयान जारी करते हुए कहा कि,“यशराज फिल्म्स एक 50 साल पुरानी प्रोडक्शन कंपनी है, जिसकी नींव मजबूत सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों पर रखी गई है। हम इन आरोपों को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताते हैं। यह कहना कि हमने किसी संवेदनशील मुद्दे का इस्तेमाल फिल्म के प्रमोशन के लिए किया है, सरासर झूठ है। हमें संबंधित अथॉरिटीज़ पर पूरा भरोसा है कि वे सही तथ्य और सच्चाई सबके सामने लाएंगी।”

रेडिट पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब रेडिट पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि फिल्म के प्रचार के लिए जानबूझकर ऐसे संवेदनशील आंकड़ों को हवा दी जा रही है। हालांकि मेकर्स ने साफ कर दिया है कि उनका इस वायरल खबर से कोई लेना-देना नहीं है।अगर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें, तो ‘मर्दानी 3’ ने गुरुवार को करीब 1.85 करोड़ रुपये की कमाई की है। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 26.78 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। हालांकि, यह आंकड़े उम्मीद के मुताबिक नहीं माने जा रहे हैं। गौरतलब है कि ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी का पहला पार्ट साल 2014 में रिलीज हुआ था, जिसने भारत में 35.65 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 59.30 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। वहीं, ‘मर्दानी 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर और बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत में 47.35 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 67 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

‘मर्दानी 3’ को नहीं मिला खास रिस्पांस

तीनों फिल्मों में रानी मुखर्जी ने दमदार पुलिस ऑफिसर शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया है। उनकी एक्टिंग को हर बार दर्शकों और क्रिटिक्स से सराहना मिली है। हालांकि, तीसरे पार्ट को अब तक वैसा मजबूत रिस्पॉन्स नहीं मिल पा रहा है, जैसा पिछली फिल्मों को मिला था। +फिलहाल मेकर्स को उम्मीद है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिल सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘मर्दानी 3’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version