एंटरटेनमेंट
Zakir Khan ने बीमारी की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, रिवील किया स्टैंड-अप कॉमेडी से ब्रेक का असली कारण
स्टैंड-अप कॉमेडियन, एक्टर और राइटर Zakir Khan ने पिछले महीने काम से लंबा ब्रेक लेने की घोषणा कर अपने फैंस को चौंका दिया था। उस वक्त माना जा रहा था कि वे स्वास्थ्य कारणों से यह फैसला ले रहे हैं। हालांकि अब उन्होंने खुद सामने आकर अपने ब्रेक की असली वजह साफ कर दी है।
वायरल वीडियो में किया खुलासा
इन दिनों जाकिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक कार्यक्रम का है, जहां उनसे उनके ब्रेक को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर जाकिर ने हंसते हुए कहा कि ब्रेक लेने की असली वजह उनका लंबित लेखन कार्य है। उन्होंने बताया कि पिछले छह साल से वे लगातार काम में व्यस्त थे और लिखने के लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे। अब उनके पास लिखने के कई प्रोजेक्ट्स हैं, जिन पर ध्यान देने के लिए उन्होंने यह ब्रेक लिया है।
स्वास्थ्य को लेकर अफवाहों पर नाराजगी
वीडियो में जाकिर ने अपने स्वास्थ्य को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मेरी तबीयत थोड़ी बहुत खराब है, लेकिन इतनी भी नहीं जितना इंटरनेट पर लिखा जा रहा है। ये जो ‘स्टेज माइनस 20’ जैसी बातें फैलाई जा रही हैं, वो पूरी तरह झूठ हैं।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में उन खबरों की भी आलोचना की, जिनमें ‘करीबी पारिवारिक सूत्र’ का हवाला दिया गया था। जाकिर ने कहा कि उनका परिवार उनके साथ ही रहता है और वे खुद हैरान हैं कि आखिर किसने ऐसी पुष्टि कर दी।
‘पापा यार टूर’ के दौरान की थी घोषणा
गौरतलब है कि Papa Yaar Tour के दौरान हैदराबाद में हुए एक शो में जाकिर ने लंबे ब्रेक का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि यह ब्रेक 2027-28 या संभवतः 2030 तक भी चल सकता है। उस समय उन्होंने कहा था कि वे अपनी सेहत और कुछ निजी मामलों पर ध्यान देना चाहते हैं। बाद में एक इंटरव्यू में उन्होंने परिवार में आनुवंशिक बीमारियों और लगातार यात्रा व कम नींद के कारण सेहत पर पड़े असर का भी जिक्र किया था। करीब एक दशक तक लगातार काम करने के बाद, खासकर अमेरिकी दौरे के दौरान, उन्हें एहसास हुआ कि अब काम और सेहत के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। हालांकि अब जाकिर ने साफ कर दिया है कि उनकी तबीयत को लेकर फैलाई जा रही गंभीर खबरें गलत हैं और उनका ब्रेक मुख्य रूप से रचनात्मक काम पर ध्यान देने के लिए है।