पिछले कुछ दिनों से हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या का मामला सबका ध्यान खींच रहा है। इस केस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए सोमवार सुबह 2 आरोपियों का एनकाउंटर कर डाला। पुलिस के इस एक्शन के बाद अब अंकित बालियान के परिवार के बयान सामने आए हैं। अंकित बालियान की मां ने रट हुए सीएम योगी से खास अपील की है। उन्होंने कहा, 'योगी जी हम आपके आगे हाथ जोड़ते हैं 2 लोग मारे गए हैं और जो बाकी रहते हैं, उन्हें भी पकड़ो और जिसने सारा भेद दिया, सबसे पहले उसे पकड़ो।'
अंकित बालियान की मां का बयान
अंकित बालियान की मां ने आगे रोते हुए कहा कि वो ही उनका इकलौता कमाऊ बेटा था। ऐसे में अब मां ने दूसरे बेटे की नौकरी की मांग करते हुए कहा है कि उनका भी कुछ इंतजाम होना चाहिए। अंकित के पिता ने भी बेटे के हत्यारों के एनकाउंटर के बाद सीएम योगी और पुलिस का शुक्रिया अदा किया है। वहीं, अंकित बालियान की बहन का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा, 'आपसे एक अपील है, आपने जो किया उससे हम संतुष्ट हैं, लेकिन हमें तब तक पूरी संतुष्टि नहीं मिलेगी, जब तक मेरे भाई के हत्यारे पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाते। आप जब तक उनकी जड़ तक नहीं पहुंचते, हम पूरी तरह से संतुष्ट नहीं होंगे और ना ही हम शांति से बैठेंगे।'
बहन ने रखी खास मांग
अंकित की बहन ने आगे मांग करते हुए कहा, 'मेरा भाई अंकित घर में अकेला कमाने वाला था। मेरे मां-बाप का कोई और सहारा नहीं था, तो मेरे भाई को रोजगार भी दिया जाए। मेरे भाई अंकित के नाम पर स्टेडियम बनाया जाए और उसमें उसकी मूर्ति भी बनाई जाए।' अंकित बालियान की पत्नी स्वाति ने सरकार और पुलिस की कार्यवाही से संतुष्टि जताई है। उन्होंने कहा, 'पुलिस प्रशासन अच्छा काम कर रहा है और मुख्यमंत्री जी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है।' स्वाति ने मुख्यमंत्री योगी को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद कहा और साथ ही ये भी कहा कि अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है। कुछ आरोपी पकड़े गए हैं और कुछ फरार हैं। अभी जड़ तक जाना जरूरी है। कुछ लोग बचे हुए हैं, तो वो काम होना भी जरूरी है।
पत्नी ने सीएम योगी से क्या कहा?
साथ ही अपने परिवार को लेकर चिंता जताते हुए अंकित बालियान की पत्नी ने सीएम योगी से कहा, 'हमारे परिवार की हालत समझिए कि हमारा परिवार किस दौर से गुजर रहा है। हमारी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। अंकित जी का नाम रहना चाहिए। वो तो चले गए दुनिया से, लेकिन मां-बाप हैं बूढ़े, भाई बेरोजगार है, मैं हूं। हमने अपनी पूरी संपत्ति उसी पर लगा दी थी, तो हमारी आर्थिक स्थिति भी खराब चल रही है। तो मैं मुख्यमंत्री जी से ये कहना चाहूंगी कि इस मामले को ढीला मत छोड़िएगा। जितनी भी सहायता हो सके, वो करने का प्रयास कीजिए।'