दिल्ली यूनिवर्सिटी में अंडरग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन लेने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीयू में CUET UG के आधार पर नहीं बल्कि 12वीं कक्षा के अंको के आधार पर एडमिशन होगा, लेकिन ये प्रक्रिया सिर्फ 2026-27 सत्र के छात्रों के लिए लागू की गई है। डीयू ने अपने कॉलेजों की सीटें भरने के लिए ये फैसला लिया है। तो क्या है आगे का प्रोसेस और किन कॉलेजों में मिलेगा एडमिशन आईए जानते हैं इसकी पूरी प्रक्रिया के बारे में।
12वीं के अंकों के आधार पर होगा एडमिशन
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुछ कॉलेजों में सीटें खाली होने के कारण अंडरग्रेजुएट बच्चों के लिए एडमिशन ओपन कर दिए गए हैं। DU ने CUET के आधार पर नहीं बल्कि 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर एडमिशन लेने की योजना बनाई है। वैसे तो दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन CUET - UG स्कोर के आधार पर होता है, लेकिन कई राउंड के बाद भी कुछ कॉलेजों में सीटें खाली रह गईं। यही वजह है कि डीयू कॉलेजों में कुछ कोर्सेज के लिए 12वीं के नंबरों के आधार पर एडमिशन हो रहा है। जिन छात्रों का CUET में स्कोर कम रहा है या जिन स्टूडेंट्स ने CUET नहीं दिया, उनके लिए ये बड़ी खुशखबरी है। लेकिन ये सुविधा सभी कॉलेजों और सभी कोर्सेज के लिए नहीं है। कुछ गिने-चुने कॉलेजेस और कोर्सेज ही इसमें शामिल हैं।
कई कोर्सेज और विषय किए गए शामिल
वहीं, इन कॉलेजों में BA, BSC और BCOM समेत कई कोर्सेज शामिल किए गए हैं। इनमें संस्कृत, हिंदी, अर्थशास्त्र, गणित, भूगोल, फिजिक्स और संगीत जैसे और भी विषयों के लिए सीटें खाली हैं। डीयू में एडमिशन 12वीं के अंको, खाली सीटों की संख्या और कॉलेज की तय योग्यता के आधार पर होंगे। इन कॉलेजों में देशबंधु कॉलेज, दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज, इंस्टिट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स , कालिंदी कॉलेज, लक्ष्मी बाई कॉलेज और महाराजा अग्रसेन समेत कई कॉलेज शामिल हैं।
कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर करें आवेदन
जो भी छात्र एडमिशन लेना चाहते हैं और जिनका डीयू में पढ़ने का सपना है वह कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर आवेदन की सारी प्रक्रिया देख सकते हैं क्योंकि डीयू के हर कॉलेज की अपनी अलग-अलग मेरिट लिस्ट और एडमिशन की तारीख बताई गई है। तो अगर आपने CUET नहीं दिया है या CUET स्कोर में उतने नंबर नहीं आए जितने आपको उम्मीद थी, तो निराश ना हों। ये आपके लिए एक बड़ा मौका है। 12वीं के नम्बरों के आधार पर आप इन कॉलेजों में एडमिशन ले सकते हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।