सोशल मीडिया के बदलते दौर में अब राजनीति के तरीके में भी बदलाव नजर आने लगा है। अब नेता Gen Z और Gen Alpha मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। नेताओं की सोशल मीडिया रेस में सबसे आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजर आ रहे हैं। हाल ही में उनकी कुछ सेल्फी स्टाइल में रिकार्डेड रील्स ने न सिर्फ युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने का काम किया, बल्कि एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया है।
प्रधानमंत्री ने बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
23 जुलाई की रात पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक सेल्फी स्टाइल रिकार्डेड वीडियो पोस्ट की थी, जिसमें वो पेपर लेक वाले मुद्दे पर युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उनके इस वीडियो पर 24 घंटे में 30.3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। प्रधानमंत्री की इस रील ने तो अमेरिकी क्रिएटर IShowSpeed की उस रील का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जो उन्होंने FIFA वर्ल्ड कप के दौरान BTS के साथ बनाई थी और जिसे 30 करोड़ व्यूज मिले थे।
लगातार वीडियो, लगातार व्यूज
उनकी रील्स का सिलसिला यहां खत्म नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने इसके बाद 31 जुलाई को "Thank You, Friends" के नाम से एक फॉलो-अप वीडियो भी शेयर किया था। उनके इस वीडियो को 12 घंटे में 12.2 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। 23 जुलाई से लेकर अगले 9 दिनों तक पीएम मोदी ने लगभग 4 वीडियो पोस्ट किए। उनके इन सभी वीडियो के मिलाकर कुल 95 करोड़ से भी ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। उनकी रीलों का यह अंदाज पारंपरिक राजनीतिक भाषणों से बिल्कुल अलग और अनौपचारिक माना जा रहा है, जो Gen Z को बड़ा पसंद आ रहा है।
रातोंरात बढ़ गए फॉलोअर्स
प्रधानमंत्री की इन वायरल रीलों का असर सिर्फ व्यूज ही नहीं, बल्कि फॉलोअर्स की बढ़ती संख्या में भी नजर आ रहा है। एक हफ्ते के अंदर ही पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स 10.1 करोड़ से बढ़कर 10.5 करोड़ के पार पहुंच गए। यानी सिर्फ सात दिन में उनके करीब 40 लाख नए फॉलोअर्स जुड़ गए और इसके साथ ही पीएम मोदी 10 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले नेता भी बन चुके हैं।
मंत्रियों की रेस में पीएम मोदी सबसे आगे
सरकार ने 1 मई से 15 अगस्त 2026 के बीच मंत्रियों और बड़े नेताओं के सोशल मीडिया प्रदर्शन की गणना कराई। इसमें इंस्टाग्राम, X और Facebook पर पोस्ट, एंगेजमेंट, लाइक्स और फॉलोअर्स जैसे आंकड़े देखे गए थे। इस पूरी रैंकिंग में पीएम मोदी सबसे ऊपर रहे।
Gen Z तक पहुंचने की नई रणनीति
दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों से कहा कि वे युवाओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया पर औपचारिक अंदाज में वीडियो बनाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा Gen Z और Gen Alpha तक वो अपनी बात पहुंचा पाएं। विदेश मंत्रालय ने भी अगस्त में Snapchat पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने का ऐलान किया। यानी अब राजनीतिक संदेश सिर्फ मंच और भाषणों तक सीमित नहीं रहे बल्कि इंस्टाग्राम की जनता से सीधे बात करने का नया मंच बनते जा रहे हैं।