एंटरटेनमेंट

Ghooskhor Pandat के मेकर्स ने कोर्ट के सामने टेके घुटने, नए नाम के साथ रिलीज होगी मनोज बाजपेयी की फिल्म?

Published

on

मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ की घोषणा के बाद से ही इसका नाम लगातार विवादों में बना हुआ था। फिल्म के टाइटल में ‘पंडित’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर कड़ा विरोध देखने को मिला, जिसके बाद मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच गया। अब इस विवाद पर बड़ा अपडेट सामने आया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने कोर्ट को सूचित किया है कि फिल्म के मेकर्स ने इसका नाम बदलने का फैसला कर लिया है।

कोर्ट ने किया ‘घूसखोर पंडित’ मामले का निपटारा

‘घूसखोर पंडित’ की रिलीज और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि फिल्म का शीर्षक और प्रस्तावित कंटेंट मानहानिकारक और सांप्रदायिक रूप से आपत्तिजनक है। इसी दौरान नेटफ्लिक्स ने अदालत को बताया कि मेकर्स फिल्म का टाइटल बदलने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फिल्म से जुड़ा सारा प्रमोशनल कंटेंट पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है। इस जानकारी के बाद कोर्ट ने मामले का निपटारा कर दिया।

बदला जा रहा है फिल्म का नाम

जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव की सिंगल जज बेंच ने नेटफ्लिक्स के इस आश्वासन को रिकॉर्ड में लेते हुए कहा कि जब फिल्म का नाम बदला जा रहा है और प्रचार सामग्री हटा दी गई है, तो याचिका पर आगे कोई आदेश देने की आवश्यकता नहीं रह जाती। इस आधार पर याचिका को निस्तारित कर दिया गया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ‘घूसखोर पंडित’ शीर्षक हिंदू पुजारियों और एक विशेष समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाता है और यह सामाजिक व सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकता है। याचिकाकर्ता ने फिल्म की रिलीज और स्ट्रीमिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी।

‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल पर विवाद

इस मामले में एडवोकेट विनीत जिंदल ने फिल्म की रिलीज को चुनौती दी थी। उनका कहना था कि फिल्म का नाम बदनाम करने वाला और सांप्रदायिक रूप से आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘पंडित’ शब्द को जानबूझकर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से जोड़ा गया है, जिससे ब्राह्मण समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है। वहीं, एक अन्य याचिकाकर्ता महेंद्र चतुर्वेदी ने भी कहा था कि ‘पंडित’ शब्द ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से विद्वता, नैतिक आचरण और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का प्रतीक है, लेकिन फिल्म के टाइटल के जरिए पूरे समुदाय को बदनाम किया गया है।

नए नाम के साथ आएगी मनोज बाजपेयी की फिल्म

नीरज पांडे द्वारा निर्मित इस फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ दिव्या दत्ता, नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, श्रद्धा दास, अक्षय ओबरॉय और कीकू शारदा भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक रिश्वतखोर पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जानी है, हालांकि अब यह नए नाम के साथ दर्शकों के सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version