स्पोर्ट्स
मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज: टीम इंडिया में मुस्लिम खिलाड़ियों के चयन पर महाराष्ट्र में उठा विवाद
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने की जंग में है। इसी बीच महाराष्ट्र की राजनीति में टीम इंडिया के चयन को लेकर नया विवाद सामने आया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को प्लेइंग XI में नहीं शामिल किए जाने पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। AIMIM और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि इन खिलाड़ियों को मुस्लिम होने के कारण टीम में मौके नहीं दिए जा रहे।
AIMIM और समाजवादी पार्टी के आरोप
मालेगांव से AIMIM विधायक मुफ्ती इस्माइल ने कहा, “मुस्लिमों को हर क्षेत्र में नजरअंदाज किया जा रहा है और टीम इंडिया में भी खिलाड़ियों को मुस्लिम होने की वजह से मौका नहीं मिल रहा।” उन्होंने यह भी कहा कि यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की 76 रनों की हार की एक वजह हो सकती है। इसके बाद समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र और मुंबई अध्यक्ष अबु आजमी ने भी आरोप लगाया, “बीजेपी शासन में कई जगह मुसलमानों के साथ भेदभाव हो रहा है और अगर क्रिकेट में भी ऐसा हो रहा है तो ये गंभीर मामला है। हो सकता है मुस्लिम होने की वजह से सिराज और शमी को टीम से बाहर रखा गया है।”
विपक्ष और राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रिया
वहीं, NCP (अजित पवार गुट) और अल्पसंख्यक विभाग प्रमुख इदरीस नाईकवडी ने आरोपों को गलत करार दिया। उनका कहना है कि पहले भी मोहम्मद अजहरुद्दीन और मंसूर अली पटौदी जैसे मुस्लिम खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं और कप्तान भी बने हैं, इसलिए खेल में धर्म लाना गलत है। कांग्रेस नेता अमीन पटेल ने कहा कि टीम में चयन प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर होता है और इस तरह के बयान गैर-जिम्मेदाराना हैं। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री भरत गोगावाले ने भी कहा कि टीम इंडिया में सिलेक्शन पूरी तरह काबिलियत और हालात के हिसाब से होता है और हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करना समाज में दरार डालने जैसा है।
मोहम्मद शमी और सिराज का हाल
भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं। उन्होंने आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेला था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन टीम में जगह नहीं मिली। मोहम्मद सिराज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुरू में टीम में नहीं चुने गए थे, लेकिन हर्षित राण की चोट के बाद टीम में शामिल किए गए। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
टीम इंडिया संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, संजू सैमसन