स्पोर्ट्स
इंग्लैंड के खिलाफ जीत को लेकर आया स्कॉटलैंड के कप्तान का बयान, बोले- ‘हम किसी भी टीम पर दबाव…’
इटली के खिलाफ शानदार जीत से उत्साहित स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन का मानना है कि उनकी टीम में टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप C के अहम मुकाबले में दो बार की चैंपियन इंग्लैंड को हराने की पूरी क्षमता है। यह मुकाबला शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। स्कॉटलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में मिली हार के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए सोमवार को इटली के खिलाफ 207 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर विपक्षी टीम को 134 रन पर समेटकर 73 रन से जीत दर्ज की। इस जीत ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में मजबूती से खड़ा कर दिया है। वहीं इंग्लैंड की शुरुआत टूर्नामेंट में खास नहीं रही। नेपाल के खिलाफ मुकाबले में पूर्व चैंपियन को 184 रन का लक्ष्य बचाने में काफी संघर्ष करना पड़ा और वह मुकाबला महज 4 रन से जीतने में सफल रही।
“हमारी टीम भी वर्ल्ड क्लास है”
मैच के बाद कोलकाता में मीडिया से बातचीत में बेरिंगटन ने कहा, “टूर्नामेंट की शुरुआत से ही यह हमारा सपना रहा है। इंग्लैंड बनाम नेपाल के मैच से अलग, हमने अतीत में एक टीम के रूप में साबित किया है कि अगर हम अपनी ताकत पर टिके रहें और अच्छा क्रिकेट खेलें, तो हम किसी भी टीम पर दबाव बना सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमें पता है कि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं होगा। वे एक विश्व स्तरीय टीम हैं। लेकिन हम यह भी जानते हैं कि हमारी टीम में भी वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी मौजूद हैं। सब कुछ उस दिन के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। अगर हम अपनी ताकत पर फोकस रख पाए, तो हमारे पास जीत का अच्छा मौका होगा।”
पुरानी प्रतिद्वंद्विता से बढ़ेगा रोमांच
स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के बीच पुरानी खेल प्रतिद्वंद्विता इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाती है। इस पर बेरिंगटन ने कहा, “स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के बीच यह प्रतिद्वंद्विता हमेशा से रही है। दोनों देशों का एक लंबा साझा इतिहास है और यह भावना हर खेल में नजर आती है।”
एक दिन, दो मुकाबले और बड़ी उम्मीद
खास बात यह है कि शनिवार को ही एडिनबर्ग में ‘सिक्स नेशंस’ रग्बी टूर्नामेंट में भी स्कॉटलैंड की रग्बी टीम इंग्लैंड का सामना करेगी। इस पर मुस्कुराते हुए बेरिंगटन ने कहा, “अगर शनिवार को स्कॉटलैंड क्रिकेट और रग्बी—दोनों में इंग्लैंड को हरा देता है, तो यह एक शानदार हेडलाइन होगी।” अब सभी की नजरें शनिवार के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जहां स्कॉटलैंड इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगा।