एंटरटेनमेंट
थलपति विजय की पत्नी ने मांगा तलाक, इसी बीच तृषा कृष्णन के साथ वायरल हुआ एक्टर का वीडियो
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायकन’ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में खबर सामने आई है कि उनकी पत्नी संगीता ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की है। इसी बीच सोशल मीडिया पर विजय का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है।
27 साल बाद रिश्ते में आई दरार
थलपति विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी। दोनों की जोड़ी लंबे समय से इंडस्ट्री की सबसे चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती रही है। लेकिन अब खबरें सामने आ रही हैं कि दोनों के रिश्ते में काफी समय से खटास चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी वजह से संगीता ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। इस खबर के सामने आते ही फैंस भी हैरान रह गए हैं।
तृषा कृष्णन के साथ वायरल हुआ वीडियो
इसी बीच 5 मार्च को चेन्नई में हुए एक शादी समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में थलपति विजय के साथ अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी नजर आ रही हैं। खबरों के अनुसार दोनों कल्पाथी सुरेश और मीनाक्षी के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे।वीडियो में देखा जा सकता है कि विजय ट्रेडिशनल आउटफिट में हाथ में फूलों का गुलदस्ता लिए हुए हैं, जबकि तृषा कार से उतरकर उनके पीछे-पीछे चलते हुए नजर आ रही हैं।
सोशल मीडिया पर मचे चर्चे
विजय और तृषा को एक साथ देखने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे महज एक इवेंट में साथ पहुंचना बता रहे हैं, तो वहीं कई यूजर्स इस पर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर न तो विजय और न ही तृषा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।