टीवी के लिए काम करते हुए एक्टर्स अक्सर एक-दूसरे के साथ प्यार में पड़ जाते हैं। घंटों तक सेट पर साथ समय बिताते-बिताते अट्रैक्शन होना कोई बड़ी बात नहीं है। मेल और फीमेल लीड के अफेयर्स के किस्से तो आपने कई बार सुने होंगे, लेकिन फैंस तब हैरान रह गए थे जब टीवी की एक पॉपुलर एक्ट्रेस ने अपने शो के डायरेक्टर से अचानक शादी कर ली थी। इस शादी की खबर से हर कोई चौंक गया था। वहीं, अब एक्ट्रेस और उनके डायरेक्टर पति ने डेटिंग फेज और शादी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए हैं। ऑडिशन से लेकर शादी तक के सफर पर खुलासा करने वाले ये कपल टीवी के पॉपुलर शो 'दिया और बात हम' की एक्ट्रेस दीपिका सिंह और डायरेक्टर रोहित राज गोयल हैं।
दीपिका और रोहित के बीच शुरू में हुई थी तकरार
दीपिका सिंह और रोहित राज गोयल ने बताया कि इनके बीच शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। दीपिका जब ऑडिशन के लिए आई थीं तो उन्होंने वहां बहुत एटीट्यूड दिखाया था। पहले तो वो लेट आईं और फिर उन्हें डायरेक्टर ने जानकर डेढ़ पेज की स्क्रिप्ट थमा दी, जबकि दीपिका की दोस्त को सिर्फ 4 लाइन दी गई थीं। इसी के बाद दीपिका ने डायरेक्टर का नाम 'हिटलर' रख दिया था। वर्कशॉप के दौरान वो मिर्ची पाउडर बैग में रखकर लाई थीं, बाहर उनके दोस्त खड़े थे और एक्ट्रेस ने जानकर नुकीली हील्स वाली सैंडल्स पहनी थीं ताकि कोई गड़बड़ हो तो वो उन्हें पीट सकें।
दोस्ती कैसे बदली प्यार में?
इसके बाद दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई जब दोनों साथ में हर मंगलवार सिद्धिविनायक मंदिर जाने लगे। दरअसल, दीपिका के पास कार नहीं थी और रोहित हर मंगलवार मंदिर जाते थे और फिर दोनों की दोस्ती अच्छी हो गई। रोहित ने बताया कि पहले प्यार दीपिका को हुआ था। 31 दिसंबर को दोनों की फोन पर लम्बी बात हुई और रोहित ने इशारों-इशारों में दीपिका के दिल का हाल जान लिया। इसके बाद दीपिका घूमने के लिए स्विट्जरलैंड जाना चाहती थीं, तो उन्होंने रोहित को भी साथ चलने के लिए कहा था। हालांकि, वो इस बात से डर गए थे कि न्यूज में आ जाएगा कि एक्ट्रेस डायरेक्टर के साथ घूमने गई है। तो उन्होंने शादी से पहले ऐसे कहीं जाने से मना कर दिया था। डायरेक्टर की बात सुनकर दीपिका ने फौरन शादी करने की बात कह दी।

कब लिया शादी का फैसला?
इसके अलावा एक और किस्सा हुआ जब दीपिका को अहसास हुआ कि उन्हें रोहित से शादी कर लेनी चाहिए। दरअसल, रोहित वैष्णो देवीजा रहे थे और दीपिका भी उनके साथ जाना चाहती थीं। बदनामी के डर से दीपिका अपने पेरेंट्स को भी लेकर चली गईं। भवन में जब वो रोहित के साथ खड़ी थीं तब उन्होंने शादी का फैसला किया था।
शादी में पंडित हुआ गायब
इन दोनों की शादी भी बेहद दिलचस्प थी क्योंकि 2 बजे तक सभी फोटो खींचवाते रहे और दूल्हा-दुल्हन को बैठने तक का मौका नहीं मिला। ऐसे में पंडित जी शादी लेट होने की वजह से घर जाकर सो गए और फेरों के समय शादी में पंडित ही नहीं थे। न ही वो फोन उठा रहे थे। बड़ी मुश्किल से उन्होंने फोन उठाया और जब वो वापस आए तो ऐसा लग रहा था जैसे शादी में शाहरुख खान की एंट्री हुई हो।