अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने कार एक्सीडेंट का जिक्र किया है। एक्टर ने ये खबर कन्फर्म कर दी है कि उनका एक्सीडेंट हुआ है। साथ ही उन्होंने अपने चाहने वालों को ये भी बताया है कि इस हादसे के बाद वो कैसे हैं। आपको बता दें, हाल ही में ये जानकारी सामने आई कि अर्जुन बिजलानी जब अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स सीरीज का प्रमोशन कर भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के शो से वापस लौट रहे थे तो उनके साथ सड़क हादसा हो गया। अर्जुन बिजलानी के साथ हुई इस दुर्घटना के बारे में जानकार उनके सभी फैंस और दोस्त टेंशन में आ गए थे। 

अर्जुन बिजलानी ने दिया हेल्थ अपडेट 

अब अर्जुन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अर्जुन ने बताया है कि उन्हें दोस्त और परिवार के लोग फोन करके उनकी सेहत के बारे में जानने कि कोशिश कर रहे हैं। एक्टर ने इस दौरान उन सभी को मैसेज दिया है कि वो एकदम ठीक हैं। अर्जुन बिजलानी ने अपने वीडियो में उन सभी लोगों का शुक्रिया भी अदा किया, जो उन्हें समय निकालकर फोन कर रहे हैं और उनका हाल-चाल पूछ रहे हैं। अर्जुन बिजलानी ने इस दौरान ये भी रिवील किया है कि उनका छोटा सा एक्सीडेंट हुआ था। यानी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। 

एक्सीडेंट पर क्या बोले अर्जुन बिजलानी?

हालांकि, उनकी कार जरूर डैमेज हो गई है, जिसे उन्हें ठीक करवाना पड़ेगा। अर्जुन ने वीडियो में मजाकिया अंदाज में ही ये बात कही है कि एक्सीडेंट बेहद छोटा था, लेकिन कार ठीक करवानी पड़ेगी। लेकिन उनके पास इंश्योरेंस है। वीडियो में अर्जुन के चेहरे पर स्माइल और सुकून दोनों नजर आए। अब फैंस उनका हाल जानकर बेहद खुश हैं और टेंशन फ्री हो गए हैं। सभी को अर्जुन की चिंता सताए जा रही थी। 

अर्जुन की सीरीज नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज 

आपको बता दें, अर्जुन जल्द ही नेटफ्लिक्स की अपकमिंग सीरीज 'चुंबक' में नजर आएंगे, जो 28 अगस्त को स्ट्रीम होगी। इस सीरीज में कई बड़े सेलेब्स नजर आने वाले हैं। मानसी पारेख, नीना गुप्ता, संदीपा धर, सुमित व्यास, अमायरा दस्तूर और सुमीत राघवन जैसे कलाकारों को एक साथ देखने के लिए फैंस भी काफी एक्साइटेड हैं।