आजकल काम, घर की टेंशन और मोबाइल में ही पूरा दिन निकल जाता है। खुद के लिए टाइम ही नहीं बचता। बहुत लोगों को लगता है कि फिट रहने के लिए जिम जाना पड़ेगा, डाइट करनी पड़ेगी, पूरी लाइफ बदलनी पड़ेगी। लेकिन सच ऐसा नहीं है। अगर हम छोटी-छोटी आदतें सुधार लें तो भी दिन बेहतर हो जाता है।

फोन से न करें दिन की शुरुआत 

आंख खुलते ही फोन देखना अब आम बात है। उठते ही मैसेज, इंस्टा, न्यूज तो सब देखते हैं। इससे सुबह-सुबह ही स्ट्रेस होने लगता है। कोशिश करें कि उठते ही फोन न चलाएं। पहले 2 मिनट आराम से बैठें और गहरी सांस लीजिए। एक गिलास पानी पिएं और हो सके तो बालकनी में जाकर खुली हवा लें। इससे सुबह शांत लगेगी और दिन अच्छा शुरू होगा।

दिनभर रखें शरीर को एक्टिव

फिट रहने के लिए घंटों वर्कआउट करना जरूरी नहीं है। पूरा दिन एक जगह बैठे रहने से भी सबसे ज्यादा नुकसान होता है। हर घंटे में 2 मिनट के लिए उठकर चलें। छोटे-मोटे काम खुद से करें। पानी खुद लेने जाएं और लिफ्ट की जगह सीढ़ी का इस्तेमाल करें। शाम को 15-20 मिनट पैदल चलें। ये छोटे-छोटे काम ही बॉडी को एक्टिव रखते हैं।

खाने को रखें सिंपल

हेल्दी रहने में खाने का बहुत बड़ा रोल होता है। रोज घर का खाना खाएं जैसे- दाल, सब्जी, रोटी और फल। यही सबसे अच्छा है। ज्यादा तला-भुना और ज्यादा मीठा रोज ना खाएं। खाने में जल्दबाजजी न करें, आराम से बैठकर खाएं। खाना खाते समय फोन और टीवी बंद रखें और दिनभर पानी पीते रहें।