हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बनीखेत का एक वीडियो सामने आया है। जहां पानी के तेज बहाव में फंसे एक युवक की नवविवाहित जोड़े ने जान बचाई है। जानकारी के अनुसार पता चला है कि यह घटना चंबा के भटियात इलाके में तुनुहट्टी-ककिरा मार्ग पर कमलाड़ी के पास हुई है।
पानी के तेज बहाव में फंसा बाइक सवार
भारी बारिश के कारण सड़क पर पहाड़ी से बहकर आने वाला पानी का बहाव बेहद तेज हो गया था। तेज बहाव के कारण एक बाइक सवार इस उफनते पानी के तेज बहाव के बीच संतुलन खोकर सड़क के किनारे अपनी बाइक सहित बुरी तरह फंस गया था। बाइक सवार संतुलन खोने ही वाला था, तभी वहां कार से गुजर रहे नवविवाहित जोड़े और उसके परिवार की नजर उस पर पड़ी।
दुपट्टा बना जिंदगी की डोर
उस युवक को मुसीबत में देख और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए गाड़ी में मौजूद नवविवाहित महिला और उसकी ननद ने अपने दुपट्टे को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी बनाई। नवविवाहित महिला ने बिना सोचे कार से उतरकर दुपट्टे की बनाई रस्सी को तेज पानी के बीच फंसे युवक की तरफ फेंका। बाइक सवार ने उस दुपट्टे को मजबूती से थाम लिया, जिसके बाद परिवार के सदस्यों और नवविवाहित आदमी ने मिलकर पूरी ताकत से उसे अपनी तरफ खींचा और मौत के मुंह से सही सलामत बाहर निकाल लिया।
सोशल मीडिया पर बहादुरी की तारीफ
पुलिस के मुताबिक अभी युवक और बचाने वाले परिवार की पहचान नहीं हो पाई है। इंटरनेट पर लोग इस परिवार की बहादुरी और समझदारी की बहुत तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे बहुत पसंद भी कर रहे हैं क्योंकि अगर वे थोड़ी-सी भी देर करते तो युवक पानी के भयंकर बहाव में बह सकता था।