UPI से पेमेंट करने के लिए हर किसी के पास स्मार्टफोन हो ऐसा जरूरी नहीं है। PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए एक UPI सुविधा शुरू की है। इस सर्विस की मदद से लोग अपने साधारण फोन से भी डिजिटल पेमेंट कर पाएंगे, लेकिन इसका इस्तेमाल सिर्फ उन्हीं फीचर फोन पर किया जा सकेगा, जिनमें PhonePe की यह सुविधा मौजूद होगी। कंपनी ने फिलहाल कुछ लिमिटेड फीचर फोन मॉडल्स में इस सर्विस को शुरू किया है। कुछ समय बाद इसकी पहुंच और ज्यादा डिवाइस तक बढ़ाई जा सकती है। इससे उन लोगों को खास फायदा होगा, जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते और फिर भी UPI के जरिए आसानी से पेमेंट करना चाहते हैं।

बिना इंटरनेट चलेगी सर्विस 

PhonePe ने पूरे भारत में UPI 123Pay की सर्विस शुरू की है। यह सर्विस अभी उन फीचर फोन के लिए है जिनके पास PhonePe है और उनके फोन में डिजिटल पैमेंट सपोर्टेड है। इस सुविधा की सबसे अच्छी बात है कि इसके लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं पड़ती। यह सर्विस SMS के जरिए पेमेंट का प्रोसेस पूरा करती है। ऐसे में जहां इंटरनेट की स्पीड बहुत कम है या सिर्फ 2G नेटवर्क ही आता है, वहां रहने वाले लोग भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे वह आसानी से किसी को पैसे भेजने के साथ-साथ दुकानों पर भी पेमेंट कर सकेंगे।

इन फीचर फोन में चलेगी PhonePe UPI सर्विस

PhonePe की यह सुविधा कुछ फीचर फोन में अवेलेबल होगी। इनमें HMD 105 2G, HMD 110 2G, Nokia 105 Classic, Nokia 105 Single SIM, Nokia 105 Dual SIM, Nokia 106 और Nokia 123 Shield शामिल हैं। कंपनी आने वाले समय में कुछ और HMD और Nokia फोन को भी इस सुविधा के साथ जोड़ सकती है।

UPI 123Pay सेटअप करने में मिलेगी मदद

UPI 123Pay को शुरू करना ज्यादा मुश्किल नहीं है। PhonePe यूजर्स की हेल्प के लिए AI बेस्ड वॉइस हेल्पलाइन भी शुरू कराई जाएगी। अगर चालू करते समय कोई परेशानी आती है, तो हेल्पलाइन पर कॉल करके मदद ली जा सकती है। यह हेल्पलाइन हिंदी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में अवेलेबल है। कॉल पर आपको स्टेप्स बताए जाएंगे कि फीचर फोन में UPI 123Pay कैसे एक्टिवेट करना है। इसके अलावा UPI से जुड़े सवालों की जानकारी भी यहां मिल जाएगी।

फीचर फोन में PhonePe UPI कैसे एक्टिवेट करें?

सबसे पहले अपने फीचर फोन में मौजूद PhonePe ऐप खोलें। इसके बाद टर्म्स एंड कंडीशंस को एक्सेप्ट करें और अपना बैंक अकाउंट चुनें। अब अपने डेबिट कार्ड के आखिरी 6 डिजिट और उसकी एक्सपायरी डेट डालें। इसके बाद अपना UPI PIN सेट करें। इतना करते ही आपका रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद आप फीचर फोन से भी UPI के जरिए पैसे भेज सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर, कॉन्टैक्ट या UPI ID का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आपके फोन में कैमरा है, तो QR कोड स्कैन करके भी पेमेंट किया जा सकेगा। पेमेंट करने से पहले रिसीवर की जानकारी एक बार जरूर चेक करें। इसके बाद जितने पैसे भेजने हैं, वह अमाउंट और अपना UPI PIN डालें। PIN को एंटर कर और पेमेंट कन्फर्म करते ही आपका ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा।